
कस्बेके ऐतिहासिक शिवमंदिर पर बाबा जय गुरूदेव आश्रम मथुरा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तराधिकारी पंकज महाराज ने हजारों श्रद्धालु़ओं को प्रवचन देते हुए कहा कि अच्छे विचार और स्वच्छ समाज के निर्माण में शाकाहार की महती भूमिका है।
उन्होंने शाकाहार को परिभाषित करते हुए कहा कि धर्म ग्रंथों में लिखा है कि जैसा खाओगे अन्न, वैसा रहेगा मन। यानि मांसाहार को बढावा आसुरी प्रवृति और क्लेशों को बढावा देना है। शाकाहार मानव में सद विचार और सात्विक प्रवृति को बढावा देता है। महाराज ने कहा कि देश में बढ़ते मांसाहार और नशे का प्रचलन लोगों को गर्त में धकेल रहा है। जाति पांत के नाम पर देश को बांटने का खेल चल रहा है। ऐसे विचारों से देश का भला नहीं होने वाला है। उन्होंने कहा कि शाकाहार को बढावा देने के लिए बाबा जय गुरूदेव संस्थान के द्वारा मिशन चलाकर शाकाहार को जीवन में अपनाने मांसाहार और नशे से बचने के लिए लोगों में जागरूकता का संचार किया जा रहा है। इसके लिए लोगों में सद विचार और सद व्यवहार की आवश्यकता है। प्रवचन सुनने के लिए दूर दराज और स्थानीय श्रध्दालु बड़ी तादाद में मौजूद थे। प्रवचन सुनने के लिए लोग आसपास के इलाकों से ट्रैक्टर ट्रॉलियों में भरकर मंदिर पहुंचे। प्रवचन समापन के बाद श्रद्धालुओं ने लंगर का स्वाद चखा।





