
ग्रामपंचायत मोडरडी में नागणेच्या माता मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव कार्यक्रम के तहत कलश यात्रा मूर्ति की परिक्रमा का कार्यक्रम आयोजित किया गया। नागणेच्या माता मंदिर विकास एवं सेवा समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में गांव आस-पास क्षेत्र के श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। कलश यात्रा मूर्ति परिक्रमा निकाली गई। इस अवसर पर लोगों द्वारा जगह-जगह पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। शोभायात्रा में महिलाओं द्वारा सज-धज कर अपने सिर पर कलश रखकर यात्रा में शामिल हुई। साथ ही नवनिर्मित नागेणाच्या माता की प्रतिमा की पूरे गांव में परिक्रमा निकाली।
नवनिर्मितनागणेच्या माता मंदिर में सुबह 11 बजे सभा आयोजित किया गया। जिसमें तारातरा मठ के महंत प्रतापपुरी महाराज स्वामीजी की ढाणी के महंत रावलपुरी महाराज के सानिध्य में सभा आयोजित की गई। इस अवसर पर पोकरण ठिकाने के ठाकुर नागेन्द्रसिंह भी उपस्थित थे। सभा में आस-पास क्षेत्र के धर्मप्रेमी लोगों ने भाग लिया। इससे पहले महंत प्रतापपुरी महाराज का ग्रामीणों द्वारा अभूतपूर्व स्वागत किया गया। इस अवसर ग्रामीणों ने महाराज को माला पहनाकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
सभा को संबोधित करते हुए महंत प्रतापपुरी महाराज ने कहा कि जो व्यक्ति भोजन में मीट मांस खाता है वह तथा उसका परिवार कभी भी सुखी नहीं रह सकता। उन्होंने कहा कि लोग अपनी संस्कृति को छोड़ रहे हैं जिसके कारण संस्कृति के साथ साथ लोगों के व्यक्तित्व का भी पतन हो रहा है। मांसाहार के साथ ही व्यक्ति की मानसिकता भी छोटी हो जाती है जिसके कारण उसमें परोपकार, सद्भाव तथा संस्कृति के कोई भी गुण दिखाई नहीं देते हैं। व्यक्ति अपने पूरे विवेक को खोकर राक्षसीय प्रवृति को अपना लेता है। जिसके कारण इन दिनों व्यक्तियों में भाईचारा, सद्भाव के भाव नहीं देखने को मिलते हैं। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति शाकाहारी भोजन करता है उसके घर परिवार में सुख शांति का निर्वाह होता है। उन्होंने सभी लोगों को मांसाहारी भोजन नहीं करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज भी लोगों द्वारा अपने घरों में शराब रखी जाती है तथा शाम के समय शराब पीकर अपने परिवार को परेशान करते हैं। शराब का सेवन तो राक्षसीय भोजन है लेकिन इन दिनों लोगों का यह समझ में नहीं रहा है। इसी तरह के भोजन तथा सेवन से परिवार का पतन हो रहा है। इस अवसर पर इस अवसर पर ठाकुर नागेन्द्रसिंह, शंभूसिंह, चंदनसिंह, भंवरसिंह, तगसिंह, हरिसिंह, मेगसिंह, गजेसिंह, अर्जुनसिंह, सवाईसिंह, शेरसिंह, मुल्तानसिंह सहित कई लोग उपस्थित थे। पोकरण (आंचलिक) ग्राम पंचायत मोडरडी में मूर्ति परिक्रमा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़।





