
उत्तर प्रदेश के मुख्यत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि अगर कोई शाकाहार करता है तो वह स्वस्थ रहेगा, लेकिन मैं किसी का स्वाद नहीं बदल सकता। हर एक का अपना स्वाद होता है और मैं उस पर प्रतिबंध नहीं लग सकता। यह उसकी संविधानसम्मत स्वतंत्रता है, परन्तु उसकी भी कुछ सीमाएं हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि अवैध बूचडख़ानों के खिलाफ की गयी कार्रवाई कानून संगत है और अदालत के निर्देशों का ही पालन किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री बनने के बाद योगी ने अपना पहला इंटरव्यू आरएसएस के अखबार ‘पांचजन्य ‘ को दिया है। इस इंटरव्यू में उन्होंने कहा है कि रामजन्मभूमि विवाद को बातचीत से ही सुलझाया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले 6 महीनों में राज्य में आधा दर्जन नई चीनी मिलों का शिलान्यास किया जायेगा। हम ऐसी व्यवस्था करने जा रहे हैं जिससे गन्ना किसानों को 14 दिन के भीतर भुगतान उसके बैंक खातों के जरिए मिल जाये।
योगी ने कहा कि सूबे में 2019 तक 24 घंटे बिजली देने का लक्ष्य है। इसके अलावा हमने तय किया है कि जिला मुख्यालयों को 24 घंटे, तहसील मुख्यालयों को 20 घंटे और गांवों को 18 घंटे बिजली दी जायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम अप्रवासी भारतीयों को यूपी में पूंजी निवेश के लिए न्योता देंगे। इसके लिए हमने एमआरआई विभाग बनाया है। हम सिंगल विंडो प्रणाली लागू करने जा रहे हैं। हमारा जो पलायन रोकने पर है इसीलिए हमारी शर्त होगी कि 90 प्रतिशत रोजगार स्थानीय लोगों को ही मिले। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल और बुंदेलखण्ड पर खासकर ध्यान देंगे। हम बुंदेलखण्ड की समस्याओं का समाधान खोजने में जुटे हैं। मेरा पहला समीक्षी दौरा भी बुंदेलखण्ड का ही होगा। वहां खेतों तक पानी पहुंचाने हेतु कार्ययोजना बनायी जा रही है।
सपा के कार्यकाल में हुए दंगों पर उन्होंने कहा कि तब सत्ता गलत हाथों में थी। हमारा स्पष्टï कहना है कि अपराधी कोई भी हो उससे सख्ती से निपटा जायेगा। जो भेदभाग करेगा उसे कार्रवाई के लिए तैयार रहना होगा। योगी ने कहा कि देश में बहुत से लोगों को भगवा रंग से परहेज है। अभी तक जो लोग सेकुलरिज्म के नाम पर, तुष्टïीकरण के नाम पर देश की संस्कृति और परम्परा को अपमानित कर रहे थे अब उन्हें अपने ऊपर खतरा दिखाई दे रहा है। इसीलिए मेरे बारे में भ्रांतियां पैदा करने की कोशिश की जा रही है।





