नदी पर स्थित गेमन पुल के पूर्वी छोर पर सड़क किनारे लगाई जाने वाली मांस-मटन की दुकानों से नगर के शाकाहारी नागरिकों की भावनाओं को ठेस पहुंच रहा है। इन नागरिकों के आपत्तियों को देखते हुए विधायक मोतीलाल देवांगन ने एसडीएम को पत्र भेजकर मांस-मटन की दुकानों को स्थानांतरित करने की मांग की है।
गेमन पुल के पूर्वी छोर पर सड़क किनारे लंबे समय से मांस-मटन की दुकानें संचालित की जा रही है। इसके चलते यहां से गुजरने वाले शाकाहारी लोगों की भावनाएं सार्वजनिक स्थान में मांस-मटन के विक्रय से ठेस पहुंच रही है। इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर मांस-मटन व अण्डे के विक्रय के संबंध में उच्च न्यायालय बिलासपुर द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का भी उल्लंघन हो रहा है। शाकाहार प्रेमियों ने सार्वजनिक स्थल में खुलेआम मांस-मटन की बिक्री किए जाने पर आपत्ति जताते हुए विधायक मोतीलाल देवांगन से भेंटकर गेमन पुल के पास संचालित मांस-मटन की दुकानों को अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने की मांग की है। इस पर विधायक श्री देवांगन ने एसडीएम चांपा को एक पत्र भेजकर इन दुकानों को अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने की मांग की है।





